कुरुक्षेत्र विवि में 29 को भाजपाइयों की लगेगी खास पाठशाला, शाह देंगे विस चुनाव के टिप्स

0

कुरुक्षेत्र। लोकसभा चुनाव के बाद अब भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा चुनाव में की तैयारी जोरों से शुरू कर दी है। इसके लिए न केवल लोगों के बीच जाकर सर्वे किए जा रहे हैं, बल्कि संगठन को भी मजबूती दी जा रही है। आगामी चुनाव में जीत सुनिश्चित करने को लेकर अब पार्टी धर्मनगरी में प्रदेश स्तर पर मंथन करेगी।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में प्रदेश भर के सांसद, मंत्री, विधायक व सभी मोर्चाें के पदाधिकारियों की कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में खास पाठशाला लगेगी, जिसमें चुनाव से पूर्व हर पहलू पर मंथन किया जाएगा। साथ ही कार्यकर्ताओं में जोश भरा जाएगा।

29 जून को होने वाली प्रदेश स्तरीय इस बैठक में कैबिनेट मंत्री मनोहर लाल और मुख्यमंत्री नायब सैनी भी मुख्य तौर पर शामिल होंगे। बैठक को लेकर न केवल तैयारियां शुरू कर दी गई हैं बल्कि हर पदाधिकारी में उत्साह दिखाई देने लगा है। यह बैठक बेहद अहम मानी जा रही है।

चुनावों के दृष्टिगत होने वाली इस बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्यों सहित 2500 से ज्यादा पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल होंगे, जिसमें चुनावी रणनीति के तहत उन्हें गुर सिखाए जाएंगे। राज्यमंत्री सुभाष सुधा व जिलाध्यक्ष रवि बतान के मुताबिक बैठक के सफलतापूर्वक आयोजन को लेकर रूपरेखा तैयार कर ली गई है।

उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सभागार में बैठक सुबह 11 बजे शुरू होगी, जो दिन भर चलेगी। इसमें एक-एक घंटे के लिए कक्षानुमा वर्ग लगाए जाएंगे और पार्टी के वरिष्ठ नेता व रणनीतिकार चुनाव में जीत को लेकर हर बारीकी से कार्यकर्ताओं को रूबरू कराएंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.